चोरी के मामले में दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

गुवाहाटी, 01 जून (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस की बशिष्ठ थाना क्षेत्र की ईजीपीडी टीम ने चोरी के एक मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिपाझार निवासी मोहम्मद सहजहान अली उर्फ सरू (22) तथा गौरीपुर निवासी मफिजुल हक उर्फ मोइनुल (31) के रूप में हुई है।

गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सिक्समाइल के संजोगी बाइलेन क्षेत्र में दर्ज एक चोरी की घटना की जांच के दौरान दोनों आरोपितों को पकड़ा गया। तलाशी अभियान में उनके पास से चोरी की एक लावा 5जी मोबाइल हैंडसेट, दो रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो संदिग्ध सोने की चेन व लॉकेट, एक संदिग्ध सोने की अंगूठी तथा पांच जोड़ी संदिग्ध सोने की बालियां बरामद की गईं।

पूछताछ और लगातार जांच के दौरान दोनों आरोपितों ने उक्त चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही उन्होंने गुवाहाटी के विभिन्न इलाकों में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

-----------

   

सम्बंधित खबर