15 प्रकार के ड्राई फ्रूट्स से सजी गुप्त वृन्दावन मे भगवान की विशेष पोशाक

जयपुर, 27 जून (हि.स.)। पानीहाटी चिड़ा-दही महोत्सव के अवसर पर शनिवार को गुप्त वृन्दावन धाम में भगवान श्री श्री कृष्ण-बलराम, श्री श्री गौर-निताई एवं अन्य विग्रहों का 15 प्रकार के उत्कृष्ट सूखे मेवों (ड्राई फ्रूट्स) से निर्मित विशेष पोशाक से दिव्य श्रृंगार किया गया। वर्ष में केवल एक बार तैयार होने वाली इस विशेष पोशाक के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि इस विशेष पोशाक में बादाम, काजू, पिस्ता, अखरोट, अंजीर, किशमिश सहित कुल 15 प्रकार के ड्राई फ्रूट्स का उपयोग किया गया है। इस पोशाक का निर्माण लगभग एक माह पूर्व शुरू की गई विस्तृत योजना के तहत किया गया। पहले इसकी डिज़ाइन तैयार की गई, फिर सामग्री का चयन कर ड्राइंग, कटिंग, प्रिंटिंग और स्टिचिंग की गई। इसके बाद प्रत्येक ड्राई फ्रूट को समान डिज़ाइन में अत्यंत सावधानीपूर्वक सजाकर पोशाक को अंतिम रूप दिया गया।

उन्होंने बताया कि इस दिव्य सेवा को पूर्ण करने में लगभग 12 से 13 सेवकों ने 551 घंटे से अधिक समय तक सेवा अर्पित की। पोशाक का प्रत्येक भाग दोनों ओर समान डिज़ाइन और संतुलन के साथ तैयार किया गया है, जिससे भगवान का दिव्य श्रृंगार अत्यंत आकर्षक और अलौकिक दिखाई देता है। यह विशेष ड्राई फ्रूट पोशाक वर्ष में केवल एक बार पानीहाटी चिड़ा-दही महोत्सव पर ही बनाई जाती है और यह भक्तों की श्रद्धा, प्रेम एवं समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

---------------

   

सम्बंधित खबर