गुरुग्राम: नौवीं कक्षा की छात्रा मानसी की कलाकृतियों का हर कोई कद्रदान

क्ले मॉडलिंग, पेंटिंग से कलाओं को मूर्त रूप देती है 9वीं कक्षा की मानसी

गुरुग्राम, 8 मार्च (हि.स.)। मानसी...जिसकी हस्तकला का हर कोई कद्रदान है। शौक-शौक में मानसी कला में इतनी महारत हासिल हो चुकी है कि वह मिनटों में ही मिट्टी को बेहतरीन कला का आकार देकर उसे जीवंत बना देती है। मां की परांत से गूंथा आटा लेकर उसे कलाकृतियों का आकार देना सीखने वाली मानसी आज कला के क्षेत्र में महारत हासिल कर चुकी है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर छात्रा मानसी ने महिलाओं को समर्पित कलाकृतियां प्रदर्शित की। नौवीं कक्षा की छात्रा मानसी पुत्री अशोक कुमार एवं सुनीता देवी अपने पैतृक गांव नौरंगपुर में ही जय भारती पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की सोच को आगे बढ़ाते हुए परिवार बेटियों को अच्छी शिक्षा देने की सोच के साथ उन्हें पढऩे के लिए सदा प्रेरित करता है। उनकी बेटी मानसी ने भले ही 9वीं कक्षा की परीक्षा दी हो, लेकिन कला के प्रति उनका लगाव बचपन से ही है। क्ले मॉडलिंग (मिट्टी से खिलौने बनाना), कूची से कागज पर कलाकृतियां उकेरकर उन्हें आकर्षक पेंटिंग का रूप देना अब मानसी के हाथों से कठपुतली के नाच जैसा हो गया है। वह चंद मिनटों में ही कला की बेहतरीन नमूना तैयार कर देती है। मानसी को विद्यालय में भी उसकी रुचि के अनुसार अपनी कला को निखारने का अच्छा माहौल मिला तो वह कला में और निखरती गई। जो कलाकृतियां बड़े-बड़े कलाकार डाई के माध्यम से तैयार करते हैं, वैसी कलाकृतियां मानसी अपने दिमाग की उपज से मिट्टी पर अपनी नन्हीं उंगलियों से बना देती है। स्कूल में चाहे साथ पढऩे वाले बच्चे हों या फिर उसके टीचर, हर कोई मानसी की कला की सराहना करता है। एक तरह से मानसी माटी की नन्हीं कलाकार कही जा सकती है। कला के प्रति उसकी सोच विशाल है। हाथों में कलाकृतियां तैयार करने का जादू है। मन में उत्साह भी है। बिना उत्साह के तो कोई काम किया ही नहीं जा सकता।

बेटियों को अच्छी शिक्षा देने का पक्षधर है परिवार

मानसी के पिता अशोक कुमार सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि समाज में भी बेटियों को पढ़ाने पर जोर देते हैं। लोगों की काउंसलिंग भी करते हैं। उनका मानना है कि शिक्षा का दान ही ऐसा है, जिसे कोई छीन नहीं सकता। इसे जितना खर्च करेंगे उतना बढ़ेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हर महिला को शुभकामनाएं देते हुए वे कहते हैं कि हमारी संस्कृति में नारी सम्मान भी श्रेष्ठ है। नारी के रूप में बेटियां जीवन में रंग बिखेरती हैं। दो घरों को रोशन करने वाली बेटियों को शिक्षित करने के लिए वे हर किसी को जागरुक करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर