गुरुग्राम: कचरा प्रबंधन आज के समय की महत्वपूर्ण जरूरत: डा. बलप्रीत सिंह

-अतिरिक्त निगमायुक्त ने इको हाट का निरीक्षण करते हुए कही यह बात

गुरुग्राम, 26 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डा. बलप्रीत सिंह ने गुरुवार को गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सामुदायिक केन्द्र में आयोजित इको हाट का अवलोकन किया। इसमें विभिन्न एनजीओ व स्कूलों द्वारा वेस्ट-टू-आर्ट, मिट्टी से बने बर्तन तथा कपड़े व जूट के बैग से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इस मौके पर अतिरिक्त निगमायुक्त ने सभी स्टॉलों पर सजाए गए सामानों को देखा तथा विस्तार से जानकारी ली। उनके साथ डाइट प्रिंसिपल जितेंद्र खत्री भी मौजूद रहे।

अतिरिक्त निगमायुक्त ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन एक ओर जहां जीरो वेस्ट गुरुग्राम के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं दूसरी ओर नागरिकों को वेस्ट मेटीरियल से बनी खूबसूरत वस्तुओं का इस्तेमाल करने करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन आज के समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। इसके लिए हम सभी को संयुक्त रूप से एक साथ आकर ही समाधान निकालना होगा। उन्होंने कचरे के तीन सिद्धांतों अर्थात रिड्यूस, रियूज व रिसायकल के बारे में भी स्कूली बच्चों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमें सबसे पहले इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है कि हम कम से कम कचरा उत्पन्न करें। इसके साथ ही कचरे में कई ऐसी वस्तुएं हैं, जिनका हम पुन: इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसी वस्तुओं को बेवजह कचरे में ना डालें। उन्होंने कचरे को अलग-अलग करके उसका सही ढंग से निष्पादन करने बारे भी स्कूली बच्चों के साथ चर्चा की।

इको हॉट में कलर कोड फाऊंडेशन, बुलंद आवाज कपड़ा थैला बैंक, असमी फाऊंडेशन, जैव इंडिया, नवकृति क्रॉफ्ट, सेल्फ इंट्रैस्ट, एन.के. क्रॉफ्ट, हैंडलूम फैब्रिक कंपनी, कांता महिला स्वयं सहायता समूह, टीन्स ऑफ गॉड, ब्लू बेल्स स्कूल और ज्ञान देवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा वेस्ट-टू-आर्ट थीम, मिट्टी से बने बर्तन, कपड़े व जूट के बैग सहित अन्य खूबसूरत वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम की सलाहकार डा. अनिता फलसवाल व सुरभि राठौर, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, स्वाति सिंह, सारिका, आयुष जैन ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। कार्यक्रम में एनजीओ व स्कूली बच्चों द्वारा लगाए गए अलग-अलग वस्तुओं के स्टाल सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर हरियाणा

   

सम्बंधित खबर