गुरुग्राम, 18 मई (हि.स.)। फर्रूखनगर क्षेत्र में रविवार देर रात एक क्लिनिक संचालक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह बिजली के एक्सटेंशन बोर्ड के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला।
परिवार के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फर्रूखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान फर्रूखनगर निवासी जयवीर के रूप में हुई है। वह जमालपुर रोड स्थित डीकांत होटल के पीछे अपने मकान में रहता था और पास में ही जीएस हेल्थ केयर नाम से क्लिनिक चलाता था।
बताया गया है कि जयवीर शादीशुदा था और उसकी 11 वर्षीय बेटी है। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। परिजनों के अनुसार जयवीर पिछले कुछ समय से पैसों के लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालांकि लेन देन की रकम कितनी थी और विवाद किससे था, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की सूचना नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

