प्रेम प्रसंग के चलते रानी की हत्या, प्रेमी व उसका साथी गिरफ्तार

डेहरी आन सोन 3 जुलाई (हि.स )| पुलिस ने चार दिन के अंदर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रोहतास जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र के मकराइन निवासी मृतका 40 वर्षीय रानी खातुन के ब्लैकमेल से बचने के लिए प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी।

एसडीपीओ एक गौरव कुमार यादव ने डालमियानगर थाना मे शुक्रवार को यह जानकारी प्रेस वार्ता मे दीl उन्होने बताया कि मृतिका के पुत्र फरहान खां ने थाना डालमियानगर में आवेदन देकर बताया कि उनकी मां रानी खातुन को कुछ नामजद लोगों ने अपहरण कर लिया है। मामले की गंभीरता देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेहरी-एक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थानाध्यक्ष डालमियानगर व जिला आसूचना इकाई शामिल थी।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को टीम को सूचना मिली कि 27 जून को सीमावर्ती औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में पटना कैनाल नहर सड़क के पास भदुआ गांव जाने वाली सड़क के आहर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शवगृह में शव की पहचान रानी खातुन के रूप में हुई। उन्होने बताया कि

गहन अनुसंधान में सामने आया कि मृतका का मकराइन निवासी विकाश कुमार से अवैध संबंध थे।

मृतका के पास विकाश की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें थीं, जिनके आधार पर वह उसे ब्लैकमेल कर रही थी। इससे तंग आकर विकाश ने अपने सहयोगी अविनाश कुमार उर्फ बिट्टू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने मृतका को स्विफ्ट कार में बैठाकर औरंगाबाद ले जाने के बहाने सुनसान जगह पर रोका और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बारुण थाना क्षेत्र की नहर में फेंक दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने विकाश कुमार और अविनाश कुमार उर्फ बिट्टू दोनों को डालमियानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी ग्राम मकराइन से बरामद कर ली गई है। दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एसपी रोहतास ने इस सराहनीय कार्य के लिए गठित टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। टीम में उनके अलावा थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय, पुअनि स्वाती कुमारी, दिवाकर कुमार, वसीम अकरम, चालक हवलदार रंजीत यादव व जिला आसूचना इकाई के सदस्य शामिल थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर