परिवारों में बच्चों के अंदर हो रहा संस्कारों का अभाव: अमरनाथ

-हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रयागराज की बैठक

प्रयागराज, 09 जून (हि.स)। सुखमय जीवन पाना है, प्रकृति संस्कार बचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को उच्च न्यायालय इलाहाबाद के पास स्थित एक होटल में आयोजित हुई। जिसमें 14 जून को आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी की सफलता को लेकर विचार विमर्श किया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि वरिष्ठ प्रचारक अमरनाथ ने कहा कि परिवारों में आजकल बच्चों में संस्कार की कमी देखी जा रही है। हमें संस्कारों को बचाना है तो अपने मूल्यों को स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कार होना जरुरी है। अच्छे संस्कार ही परिवार को आगे लेकर जाते हैं। समाज कार्य के लिए दान देना उतना श्रेष्ठ नहीं है। कहा कि जिस तरह एक अनगढ़ पत्थर को शिल्पी सुंदर मूर्ति में बदल देता है, उसी तरह परिवार से मिलने वाले संस्कार हमें खूबसूरती से तराशते हैं।

इस दौरान पर्यावरण को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित कारपोरेट जगत के लोगों ने संस्कारों को लेकर अपने अपने विचार रखे। सभी ने संस्कारों को लेकर गहनता से अपने वक्तव्य दिए। बैठक में नागेन्द्र जायसवाल, सुभाष सिन्हा, रामपाल सिंह, चंद्रमा यादव, सुरेश यादव, वंदना तिवारी, मानव चौरसिया, अरुण दुबे, क्षमा मिश्रा, डॉ प्रमोद शुक्ला, राहुल पांडेय, नटवर लाल भारतीय, सुनील पांडेय आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुत्व: दर्शन, दृष्टि एवं विचार पर राष्ट्रीय संगोष्ठी 14 कोहिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान तथा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय गंगा नाथ झा परिसर प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून को सायं 04 बजे ‘हिन्दुत्व: दर्शन, दृष्टि एवं विचार’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी जगत तारन डिग्री कॉलेज के रविंद्रालय में आयोजित की गई है। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी उपस्थित रहेंगे। जबकि मुख्य वक्ता हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी होंगे। बीज भाषण हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, केंद्रीय टोली के सदस्य सोमकांत शर्मा देंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रो गिरीश चंद्र त्रिपाठी करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ प्रचारक अमरनाथ की भी उपस्थिति रहेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर