प्रदेश के 47 में से 31 नगर निकायों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत: कांग्रेस

शिमला, 18 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने नगर निकाय चुनावों के नतीजों को अपनी बड़ी राजनीतिक जीत बताते हुए दावा किया है कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और संगठन के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के नतीजे 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल हैं और कांग्रेस फाइनल भी जीतकर इतिहास बनाएगी।

शिमला स्थित राजीव भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद जिंटा ने कहा कि प्रदेश के 47 नगर निकायों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 31 निकायों में जीत हासिल की है। उनके मुताबिक इन परिणामों ने भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया है।

जिंटा ने दावा किया कि प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा और चंबा में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली। उन्होंने कहा कि चंबा जिले के तीनों नगर निकायों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं कांगड़ा जिले के छह नगर निकायों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले के दोनों नगर निकायों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीते हैं।

शिमला जिले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां नौ नगर निकायों में से पांच पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि दो जगह कांग्रेस गठबंधन को सफलता मिली। भाजपा को केवल दो निकायों में जीत मिली है। सिरमौर जिले के तीन में से दो और सोलन जिले के चार में से दो नगर निकायों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को जीत मिली है।

विनोद जिंटा ने कहा कि जहां पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है, वहां संगठन स्तर पर समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 31 मई को होने वाले चार नगर निगमों के चुनावों में भी कांग्रेस को सफलता मिलेगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी ने इन चुनावों में आधिकारिक उम्मीदवार घोषित नहीं किए थे, लेकिन कांग्रेस विचारधारा और संगठन से जुड़े उम्मीदवारों की जीत यह दिखाती है कि प्रदेश में जनमत कांग्रेस के पक्ष में है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन उन्हें कई जगह हार का सामना करना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र और जनमत का सम्मान नहीं करती और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। जिंटा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम करती रहेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायतीराज चुनावों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर