औरैया : हत्याकांड का खुलासा,सगे भाई गिरफ्तार

औरैया, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की बिधूना थाना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम कल्यानपुर जागू में हुए चर्चित हत्याकांड का रविवार को सफल अनावरण किया। इस हत्याकांड में सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित ईंट, मृतक का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा साइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को बताया कि 11 मई 2026 को अतर सिंह निवासी ग्राम कल्यानपुर जागू ने थाना बिधूना में सूचना दी थी कि उसका पुत्र वी.पी. सिंह उर्फ नन्दकिशोर (32) 10 मई की शाम करीब छह बजे से लापता है। गुमशुदगी दर्ज किए जाने के बाद अगले दिन गांव के बाहर एक कुएं में नन्दकिशोर का शव बरामद हुआ था। मामले में थाना बिधूना पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के खुलासे के लिए गठित संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव के पास उर्द के खेत में आज सुबह दबिश दी और हत्या की घटना में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपित राजकिशोर उर्फ कल्लू ने बताया कि मृतक ने काफी समय पहले उसकी बहन के साथ गलत हरकत की थी, जिसका बदला लेने के लिए वह लंबे समय से योजना बना रहा था।

आरोपितों ने बताया कि 10 मई की शाम नन्दकिशोर गांव के बाहर आम के पेड़ के पास बैठा था, तभी उसने पीछे से उसके सिर पर ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने अपने छोटे भाई कुंजबिहारी के साथ मिलकर शव के हाथ-पैर बांधे और साइकिल पर रखकर कुएं में फेंक दिया। शव को छिपाने के लिए ऊपर से बाजरे की पराली डाल दी थी।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजकिशोर उर्फ कल्लू (35) एवं कुंजबिहारी (22) पुत्रगण इन्द्रबहादुर बाथम निवासी ग्राम कल्यानपुर जागू थाना बिधूना के रूप में की है। मामले में धारा 103(1), 238, 315 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक यतेन्द्र कुमार तथा हेड कांस्टेबल दीपेन्द्र शामिल रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर