प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना बड़ी चुनौती: प्रतिभा सिंह
- Admin Admin
- Mar 18, 2025

शिमला, 18 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने बढ़ते कर्ज के बोझ को प्रदेश के लिए चिंता का विषय बताया और कहा कि सरकार इसके समाधान के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में बागवानी और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनका सही तरीके से दोहन करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सरकार प्रदेश में बेरोजगारी दूर करने के लिए ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही, बागवानी क्षेत्र को भी प्रोत्साहित किया जाएगा जिससे किसानों और बागवानों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने सीमित संसाधनों के बावजूद समग्र विकास के लिए कृतसंकल्पित है। वर्ष 2025-26 का बजट इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुधारने में मददगार साबित होगा।
पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनके कुप्रबंधन और फिजूलखर्ची के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने डबल इंजन सरकार का दावा तो किया लेकिन केंद्र से कोई विशेष आर्थिक मदद नहीं मिली। बड़े-बड़े उद्योग समिट आयोजित करने के बावजूद प्रदेश में कोई नया उद्योग स्थापित नहीं हुआ बल्कि 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज छोड़कर भाजपा सरकार चली गई।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा को अपने विफल कार्यकाल के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए और विकास कार्यों में सरकार का सहयोग करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला