वनांचल क्षेत्र सिंगपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ

धमतरी, 22 मई (हि.स.)। मगरलोड ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगपुर में शुक्रवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सिंगपुर के सरपंच लोमेश्वर साहू व मेडिकल आफिसर डाॅ. खगेश्वर प्रसाद उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान 14 से 15 वर्ष के भीतर आयु वर्ग के कुल 14 बच्चों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए लगाया जाता है तथा महिलाओं में कैंसर की रोकथाम के लिए अत्यंत प्रभावी है। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए पात्र बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्रामीण चिकित्सा सहायक टेकराम साहू, आयुष मेडिकल आफिसर डा गोविंद नारायण, स्टाफ नर्स मधु सोनगात्र, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक तुमेश्वरी ध्रुव, गीतांजली एवं स्वास्थ्य विभाग के टीम का विशेष योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के माध्यम से किशोरियों एवं पात्र बच्चों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में इस अभियान के प्रति लोगों में उत्साह देखा गया तथा अभिभावकों ने स्वास्थ्य विभाग के इस पहल की सराहना की।

   

सम्बंधित खबर