कैथल में ओलावृष्टी से ठंड बढ़ी, गलियाें में बरसात का पानी जमा
- Admin Admin
- Dec 27, 2024

बरसात के कारण दिनभर घरों में दुबके के रहे लोग, फसलों को नुकसान की आशंका
कैथल, 27 दिसंबर (हि.स.)। शुक्रवार सुबह शुरू हुई बरसात दिन भर जारी रही। बरसात के कारण गलियों और सड़कों पर पानी जमा हो गया। लोग दिनभर अपने घरों में ही दुबके रहे। बाद दोपहर जिले गांव खानपुर व अन्य कई गांवाें में ओले गिरे। ओले गिरने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल के साथ सब्जियों की फसल को भी नुकसान होने की आशंका है। बरसात के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग ने आने वाली 48 घंटे तक बरसात जारी रहने की संभावना जताई है।
बाजारों से ग्राहक नदारद रहे और दिन भर दुकानदार भी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। जिला प्रशासन बरसात और ओले गिरने की घटनाओं का आकलन कर रहा है। शुक्रवार सुबह ही बूंदाबांदी से दिन की शुरुआत हुई और बाद दोपहर तेज बरसात होने लगी। इसके बाद पानी की निकासी न होने के कारण शहर और गांव की गलियों में पानी भर गया। दोपहर 2 बजे के बाद कैथल शहर के साथ लगते गांव खानपुर में तेजी से ओलावृष्टि होने लगी। ओले इतने अधिक गिरे कि गांव की सड़कों पर सफेद चादर बीच गई। बारिश और ठंड के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं। स्कूल और बाजारों में भी भीड़ कम देखी गई। सड़क पर जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा है।
29 दिसंबर के बाद मौसम होगा साफ
एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कौल के सेवानिवृत कृषि विशेषज्ञ डा. ओपी लठवाल ने बताया कि गेहूं की फसल अभी छोटी है इस बरसात से गेहूं की फसल को अधिक नुकसान नहीं होगा। बरसात से सब्जियों की फसल को नुकसान होगा। आजकल खेतों में मटर की फसल लगी हुई है। जिसको बरसात से नुकसान होगा। इसके साथ ही पछेती गोभी, पछेता आलू, पछेती सरसों सभी फसलों को इस ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा है कि गेहूं की फसल में खरपतवार नाशक का छिड़काव किस फिलहाल बंद कर दें। बरसात के कारण इसका अधिक प्रभाव नहीं होगा।
धूप में पेस्टिसाइड का स्प्रे करने से अधिक लाभ होगा। ओले गिरने से जरूर गेहूं की फसल को नुकसानहो सकता है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ का कहना है कि 28 दिसंबर को भी मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। उत्तरी व दक्षिणपश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। परंतु 29 दिसंबर से मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेश कुमार भारद्वाज