सिलीगुड़ी, 6 जून (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी क्षेत्र स्थित पाताराम जोत गांव में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि कम से कम 25 घर क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कहीं पेड़ गिरने से रसोईघर की टिन की छत टूट गई तो कहीं मकानों की छतों को नुकसान पहुंचा। पूरी रात ग्रामीणों को भय और असुरक्षा के माहौल में गुजारनी पड़ी।
तूफान के चलते दस से अधिक बिजली के खंभे भी टूटकर गिर गए, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और शनिवार सुबह से राहत एवं सफाई कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल ग्रामीण प्रशासनिक मदद और बिजली बहाली का इंतजार कर रहे है।

