फिरोजपुर में अवैध शराब फैक्ट्री पकड़ी:3 हजार लीटर लाहन, 200 लीटर से अधिक अवैध शराब और भट्ठी का सामान जब्त
- Neha Gupta
- Jun 01, 2026
फिरोजपुर जिले के गांव आतुवाला में पुलिस और एक्साइज (आबकारी) विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने छापेमारी कर एक पोल्ट्री फार्म (मुर्गी फार्म) की आड़ में चलाई जा रही अवैध शराब की बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से चालू भट्टी के साथ भारी मात्रा में लाहन और तैयार शराब बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि वे रूटीन पेट्रोलिंग (गश्त) पर तैनात थे। इसी दौरान आबकारी विभाग की टीम ने उन्हें पुख्ता इनपुट दिया कि गांव आतुवाला के एक मुर्गी फार्म के भीतर अवैध शराब बनाने का गोरखधंधा चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से मौके पर रेड की और चल रही फैक्ट्री को चारों तरफ से घेर लिया। 3000 लीटर लाहन और चालू भट्टी का सामान जब्त पुलिस रेड के दौरान मौके से शराब बनाने की चालू भट्टी और भारी मात्रा में कच्ची शराब (लाहन) बरामद हुई। पुलिस अधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि आरोपी बड़े स्तर पर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था और आसपास के कई गांवों में अवैध शराब की सप्लाई करता था। आज भी वहां बड़े पैमाने पर शराब तैयार की जा रही थी। संयुक्त टीम ने 3,000 लीटर से अधिक अवैध लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया जाएगा)। इसके साथ ही 200 लीटर से अधिक तैयार नाजायज शराब जब्त की। चालू भट्टी का सारा सामान और ड्रम अपने कब्जे में ले लिए। शार्टकट में रुपए कमाने के लिए चुना रास्ता पुलिस ने मौके से अवैध शराब तैयार करने वाले मुख्य आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए अजीब दलील दी। आरोपी का कहना था कि वह अपने परिवार से अलग हो चुका है और आर्थिक रूप से काफी परेशान था, जिसके कारण तंगी से उबरने के लिए उसने यह शॉर्टकट और गैर-कानूनी रास्ता चुना। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चालू भट्टी के सारे सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

