पालघर में मूसलधार बारिश और आकाशीय बिजली का कहर, सात लोग घायल

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)।

पालघर जिले में बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश और तेज़ आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आकाशीय बिजली गिरने से पालघर तहसील के छह और जव्हार तहसील के एक नागरिक सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार शासकीय अस्पताल में जारी है।

लगातार बारिश से तलासरी, डहाणू, जव्हार और विक्रमगड तालुका में कई घरों पर पेड़ गिर गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है। कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे टूटकर गिरने से आपूर्ति बाधित हुई है। सड़कों पर पानी भरने और नदियों-नालों में उफान आने से यातायात ठप पड़ा है।

धरणों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। सूर्या धरण 118.60 मीटर तक पहुँच गया है, जिसके कारण धामणी धरण के पाँच द्वार खोले गए हैं। कवडास धरण की पातळी भी 65.5 मीटर पर दर्ज की गई है।

बीते 24 घंटे में जिले में 69.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार आँकड़े इस प्रकार हैं – पालघर 56.1 मिमी, जव्हार 75.8 मिमी, मोखाडा 77.1 मिमी, तलासरी 87.4 मिमी और विक्रमगड 98.6 मिमी।

मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

   

सम्बंधित खबर