
अजमेर, 7 जुलाई(हि.स.)। अजमेर में मंगलवार सभी के लिए मौसम के लिहाज से मंगलकारी रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। थोड़ी उमस सी महसूस हुई किन्तु ग्यारह बजे बाद से रिमझिम फुहार की झड़ी लग गई। इसके बाद तो आसमान ने दिल खुश कर देने वाली सौगात दी। दोपहर भोजनावकाश के समय झमाझम बरसात होने लगे। शहर के प्रमुख बाजारों में बरसाती पानी सड़कों पर उफन कर दरिया बना बहता रहा। लोगों ने घरों के खिड़की दरवाजों से सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करने शुरू कर दिए। ठंडी हवाओं ने राहत पहुंचाई। बीती शाम को काफी उमस थी। यह बात अलग है कि सोमवार को भी आधा घंटे के लिए मेघ मेहरबान हुए थे किन्तु अच्छी राहत नहीं दे पाए। मंगलवार को हुई बरसात ने सभी को मन बदन से तरबतर कर दिया। दोपहर तीन बजे तक आसमान में पानी भरे बादल उमड़ घुमड़ कर रहे थे और मंद मंद ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम बरसाती फुहार पड़ रही थी। लोगों को आवागम में थोड़ी परेशानी जरूर हुई किन्तु मानसून की पहली अच्छी बरसात का लोगों ने हर्ष के साथ स्वागत किया।
---------------

