उत्तर बंगाल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, दुधिया का अस्थायी पुल बहा
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सिलीगुड़ी, 19 जून (हि.सं.) । उत्तर बंगाल के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में गुरुवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है। भारी वर्षा के कारण बालासन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे दुधिया क्षेत्र में बना अस्थायी ह्यूम पाइप पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच सीधा सड़क संपर्क फिलहाल बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, लगभग ढाई घंटे की बारिश में मिरिक में 63 मिमी और कर्सियांग में 113 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं सिलीगुड़ी में इसी अवधि के दौरान 246 मिमी बारिश हुई, जिससे महानंदा नदी सहित कई नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर के करीब पहुंच गया।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि नदी के बहाव में कमी आने के बाद दुधिया डायवर्जन मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। तब तक मिरिक और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सिलीगुड़ी आने-जाने के लिए घुमावदार मार्ग से होकर गुजरना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दुधिया का पुराना पुल बह गया था। इसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने अस्थायी ह्यूम पाइप पुल का निर्माण कराया था, जबकि एक स्थायी पुल का निर्माण कार्य अभी जारी है और उसके अगले वर्ष तक पूरा होने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

