उच्च-स्तरीय बैठक में सहकारी गृहनिर्माण स्वयंपुनर्विकास को गति देने पर चर्चा
- Admin Admin
- May 10, 2025

मुंबई, 10 मई, (हि. स.)। राज्य में पंजीकृत सहकारी गृहनिर्माण संस्थाओं के स्वयंपुनर्विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाजपा विधान परिषद दल के नेता और मुंबई जिला बैंक के अध्यक्ष विधायक प्रवीण दरेकर की अध्यक्षता में 11 सदस्यों के अध्ययन समूह की दूसरी बैठक सीबीडी बेलापुर, नवी मुंबई स्थित कोंकण विभागीय आयुक्त कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सरकार के 2019 के शासनादेश के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। अधिकारियों के सुझावों पर विचार किया गया और आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा हुई। नवी मुंबई महानगरपालिका और सिडको के बीच समन्वय की आवश्यकता, अधिभोग प्रमाण पत्र (ओसी) या पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) के बिना इमारतों का स्वयंपुनर्विकास, जर्जर इमारतों का स्वयंपुनर्विकास और जिन रियायतों को लागू नहीं किया गया है, उन पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में विधायक प्रवीण दरेकर ने उपस्थित अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। नवी मुंबई की तीन सहकारी गृहनिर्माण संस्थाओं के अध्यक्षों और सचिवों ने अपने स्वयंपुनर्विकास में आने वाली समस्याओं को बताया। ठाणे जिला मध्यवर्ती बैंक के अध्यक्ष और मुख्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। विधायक दरेकर ने ठाणे जिला मध्यवर्ती बैंक से मुंबई बैंक का अनुकरण करते हुए उसी प्रकार कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में वसई-विरार, पालघर जिले की समन्वयक और वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित के साथ नवी मुंबई के आयुक्त कैलाश शिंदे, विभागीय आयुक्त विजय सूर्यवंशी, वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रतिनिधि, कोंकण विभाग के विभिन्न महानगरपालिकाओं के अधिकारी, ठाणे, नवी मुंबई, पनवेल, मीरा-भाईंदर, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, वसई-विरार, मीरा-भाईंदर, अंबरनाथ और बदलापुर मनपा के साथ-साथ सिडको और म्हाडा के अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार