होली खेलने के बाद नहाने गए दो किशोरों की घाघरा नदी में डूब पर हुई मौत
- Admin Admin
- Mar 14, 2025

बाराबंकी, 14 मार्च (हि.स.)। टिकैत नगर कोतवाली क्षेत्र में होली खेलने के बाद नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूब कर मौत हो गई। मामले की जानकारी होते ही उप जिलाधिकारी, सीओ व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। दोनों किशोर को नदी से बाहर निकलवा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। जहां मौजूद डाक्टरों ने दोनों किशोरों को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को होली खेलने के बाद 2:00 बजे नदी में नहाने गए टिकैतनगर थाना क्षेत्र के तेजई पुरवा निवासी रवि वर्मा (15) पुत्र अजय वर्मा व इसी गांव के ऋषभ (16) पुत्र रमेश होली खेलने के बाद घाघरा नदी के लोड़े मऊ घाट पर नहाने गए थे। नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के समय पास ही मौजूद गोताखोर रमेश ने दोनों किशोर को नदी से बाहर निकाला। दोनों को तुरंत सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल रत्नेश पांडे ने बताया कि डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। आगे की कार्यवाही की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय मर्चरी हाउस भिजवाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी