भीषण सड़क हादसा: बाइक-कार की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल शहडोल रेफर
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
उमरिया, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर-जयसिंहनगर मार्ग (एसएच-10) पर खुटार स्थित फार्म हाउस के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मानपुर के गोवर्दे गांव के खैरभान टोला निवासी तीन युवक रिश्तेदारी में गए थे। शनिवार सुबह वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर पहले ही खुटार के पास उनकी बाइक कार की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में रामकेश केवट पिता रामभजन केवट निवासी गोवर्दे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रदीप केवट पुत्र मुन्ना केवट (30) ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। तीसरे युवक हिमांशु केवट पुत्र उमेश केवट (26) को गंभीर हालत में शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले ने बताया कि कार के चालक धीरेन्द्र महोबिया पुत्र लक्ष्मण महोबिया निवासी खुटार द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी गई। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर और दूसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई।
पुलिस ने कार चालक को अभिरक्षा में ले लिया है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

