हावड़ा स्टेशन के आधुनिकीकरण को गति, रेलवे ने किए कई बड़े ऐलान
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
कोलकाता, 03 जुलाई (हि. स.)। पूर्व रेलवे ने पश्चिम बंगाल के प्रमुख रेल जंक्शन हावड़ा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तथा लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से हावड़ा स्टेशन सहित मंडल के कई स्टेशनों पर बड़े पैमाने पर आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है।
रेलवे की ओर से बताया गया है कि हावड़ा स्टेशन पर नया 24 नंबर प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, जिसकी लंबाई लगभग 635 मीटर है। इस प्लेटफॉर्म के निर्माण पर करीब दो करोड़ 69 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसे जुलाई माह के भीतर यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा, स्टेशन के 10-11 और 12-13 नंबर प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिक लंबाई वाली ट्रेनों का संचालन सुगमता से किया जा सके। रेलवे ने यह भी जानकारी दी कि हावड़ा स्टेशन पर नया रूट रिले इंटरलॉकिंग सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे ट्रेनों के परिचालन और सिग्नल व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं आधुनिक बनाया जा सकेगा।
भारतीय रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, हावड़ा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई फुट ओवरब्रिज बनाए जा चुके हैं और कई स्थानों पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इनमें तारकेश्वर रेलवे स्टेशन, लिलुआ रेलवे स्टेशन, आजिमगंज जंक्शन, डानकुनी रेलवे स्टेशन, रामपुरहाट जंक्शन और कटवा जंक्शन प्रमुख हैं।
रेलवे ने बताया कि कई स्टेशनों पर लिफ्ट सुविधा भी विकसित की जा रही है। अब तक आठ स्टेशनों पर 15 लिफ्टें लगाई जा चुकी हैं। आगामी चरण में हावड़ा, तारकेश्वर, सैंथिया, बाली, रिशड़ा, बेलूड़, शेवड़ाफुली, चंदननगर, बैंडेल और लिलुआ सहित कई स्टेशनों पर नई लिफ्टें लगाई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, लगभग 79 करोड़ रुपये की लागत से नौ स्टेशनों पर एस्केलेटर लगाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। बाली, शेवड़ाफुली, चंदननगर, बर्धमान रेलवे स्टेशन, बोलपुर शांतिनिकेतन रेलवे स्टेशन, रामपुरहाट, अंबिका-कालना, कटवा और आजिमगंज स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है।
रेलवे अधिकारियों का कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और पूर्व रेलवे का परिचालन तंत्र अधिक आधुनिक एवं सुरक्षित बनेगा।
---------------

