हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर सक्रिय हुई नई सरकार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मंत्री अग्निमित्रा पाल के बीच चर्चा

कोलकाता, 12 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर लंबे समय से जारी गतिरोध समाप्त करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल के बीच हावड़ा नगर निगम चुनाव जल्द कराने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है।

करीब आठ वर्षों से हावड़ा नगर निगम का चुनाव नहीं हुआ है। वर्ष 2013 में यहां आखिरी बार चुनाव संपन्न हुए थे, जबकि नगर निगम का कार्यकाल 2018 में समाप्त हो गया था। इसके बाद से चुनाव कराने के बजाय प्रशासक नियुक्त कर नगर निगम का संचालन किया जा रहा था।

नई सरकार में नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद अग्निमित्रा पाल ने कहा कि हावड़ा नगर निगम चुनाव नहीं होना किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के पहले ही दिन मुख्यमंत्री के साथ इस मुद्दे पर चर्चा हुई। सरकार चाहती है कि हावड़ा के लोगों को बेहतर नगर सेवाएं मिलें और इसके लिए चुनाव प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाएगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2015 में बाली नगर पालिका को समाप्त कर उसे हावड़ा नगर निगम में शामिल किया गया था। उस समय 16 नए वार्ड बनाकर उपचुनाव कराया गया था, जिसमें तत्कालीन सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में बाली को फिर से अलग नगर पालिका का दर्जा देने के लिए विधानसभा में विधेयक पारित किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, हावड़ा नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे को लेकर लंबे समय तक राजभवन और राज्य सरकार के बीच मतभेद बने रहे थे। हालांकि हाल के दिनों में इस मुद्दे पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है।

बीते कई वर्षों में हावड़ा नगर निगम के प्रशासक के रूप में अरूप राय और सुजय चक्रवर्ती जैसे नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन नगर सेवाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। अब नई सरकार के गठन के बाद हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर फिर से राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

   

सम्बंधित खबर