पेंशनधारियों के लिए जरूरी खबर: वार्षिक सत्यापन कराना अनिवार्य, नहीं तो पेंशन मिलने में आ सकती है बाधा

कोरबा, 24 जून (हि. स.)। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों के लिए नगर पालिक निगम कोरबा ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज बुधवार को आदेश जारी करते हुए सभी पेंशन हितग्राहियों से जल्द से जल्द अपना वार्षिक सत्यापन कराने की अपील की है। निगम प्रशासन का कहना है कि, समय पर और बिना किसी अवरोध के पेंशन राशि खाते में पहुंचती रहे, इसके लिए वार्षिक सत्यापन अनिवार्य है।

नगर निगम कोरबा द्वारा इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अधिकारी एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों का वार्षिक सत्यापन नहीं होगा, उन्हें पेंशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

जानकारी के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा पेंशन योजना और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के सभी लाभार्थियों का सत्यापन किया जाना आवश्यक है। यह प्रक्रिया मोबाइल आधारित बेनेफिशियरी सत्यापन एप के माध्यम से की जा रही है।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निगम क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचें और उनका सत्यापन कराएं। इसके लिए निगम के सभी जोन कार्यालयों और च्वाइस सेंटरों को सक्रिय किया गया है।

निगम प्रशासन ने पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अपने वार्ड से संबंधित जोन कार्यालय या नजदीकी च्वाइस सेंटर में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन कराएं। सत्यापन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति और मोबाइल नंबर साथ लेकर जाना होगा। हितग्राही को स्वयं उपस्थित होकर मोबाइल एप के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

नगर निगम के अध‍िकार‍ियों का कहना है कि, यह अभियान पेंशनधारियों को समय पर लाभ दिलाने और योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसलिए सभी पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द सत्यापन कराकर अपनी पेंशन सेवाएं निर्बाध बनाए रखने की सलाह दी गई है।

   

सम्बंधित खबर