राजकीय महाविद्यालय नाहन और संस्कृत महाविधालय में एबीवीपी ने स्थापित किया प्रवेश सहायता केंद्र
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
नाहन, 19 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नाहन इकाई द्वारा राजकीय महाविद्यालय नाहन में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग हेतु प्रवेश सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही संस्कृत महाविधालय में भी सहायता केंद्र बनाया गया है। इन सहायता केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, आवश्यक दस्तावेजों, छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी तथा महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला संयोजक एवं इकाई मंत्री साहिल ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, उनके व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र पुनर्निर्माण के उद्देश्य से कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। विद्यार्थी परिषद का सदैव प्रयास रहा है कि प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर, उचित मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश लेने वाले अनेक विद्यार्थी एवं अभिभावक प्रवेश प्रक्रिया की जटिलताओं, विषय चयन तथा आवश्यक औपचारिकताओं को लेकर असमंजस की स्थिति में रहते हैं। ऐसे समय में एबीवीपी द्वारा स्थापित प्रवेश सहायता केंद्र उनके लिए एक विश्वसनीय सहयोगी एवं मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेंगे।
साहिल ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल समस्याओं को उठाने वाला संगठन नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए धरातल पर कार्य करने वाला संगठन है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी परिषद के कार्यकर्ता नवप्रवेशी विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने तथा उनकी हर संभव सहायता करने के लिए महाविद्यालय परिसर में उपस्थित रहेंगे
---------------

