आईपीएल 2026 : फिन एलन के तूफान से कोलकाता की बड़ी जीत, गुजरात को 29 रन से हराया
- DSS Admin
- May 17, 2026
कोलकाता, 16 मई (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शनिर को खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 29 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कोलकाता के बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने जीत सुनिश्चित की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम को विस्फोटक शुरुआत फिन एलन ने दिलाई। उन्होंने केवल 35 गेंदों पर 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें चार चौके और 10 छक्के शामिल रहे। वह शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने मैच का रुख तय कर दिया।
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 82 रन बनाए। उन्होंने 44 गेंदों में चार चौके और सात छक्कों की मदद से पारी को मजबूती दी। अंतिम ओवरों में कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज और साई किशोर को एक-एक विकेट मिला, लेकिन अन्य गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।
248 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात ने भी जोरदार संघर्ष किया। कप्तान शुभमन गिल ने 85 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि वापसी कर रहे साई सुदर्शन ने नाबाद 53 रन बनाए। जोस बटलर ने भी 57 रन का योगदान दिया, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
कोलकाता की ओर से सुनील नारायण सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए। इस जीत के साथ केकेआर ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
----------------------

