बर्नपुर में तृणमूल युवा कांग्रेस कार्यालय ध्वस्त होने से सियासी हलचल तेज
- DSS Admin
- May 19, 2026
कोलकाता, 19 मई (हि. स.)। आसनसोल के बर्नपुर इलाके में मंगलवार को तृणमूल युवा कांग्रेस के एक कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस मामले को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि त्रिवेणी मोड़ स्थित यह कार्यालय अब मलबे में तब्दील हो चुका है। यह कार्यालय सेल आईएसपी यानी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के इंडियन आयरन एंड स्टील प्लांट की जमीन पर बनाया गया था। इसको लेकर पहले ही संबंधित प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी कर कार्यालय खाली करने को कहा गया था। निर्धारित समय सीमा 18 मई समाप्त होने के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटा दिया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस घटना पर तृणमूल युवा कांग्रेस के नेता अभीक गोस्वामी ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों की सेवा के लिए भी इस्तेमाल किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।
अभीक गोस्वामी ने यह भी सवाल उठाया कि यदि यह कार्रवाई जमीन के स्वामित्व के आधार पर की गई है, तो सेल आईएसपी की जमीन पर बने अन्य अवैध निर्माणों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने इस पूरे मामले को राजनीतिक दबाव में लिया गया फैसला बताया, जिसके बाद इलाके में बहस और तेज हो गई है।
इस घटना को लेकर यह सवाल उठने लगा है कि क्या यह सिर्फ जमीन से जुड़े नियमों के पालन की कार्रवाई है या इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण भी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सार्वजनिक उपक्रम की जमीन पर अवैध कब्जा हटाना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होता है, लेकिन जब मामला किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, तो विवाद स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है।
एक ओर प्रशासन इसे नियमों के तहत की गई कार्रवाई बता रहा है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दे रही है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है और इस पर सियासी घमासान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
---------------

