बलरामपुर: 33.72 करोड़ रुपये की 140 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

Lokarpan &silanyasLokarpan

बलरामपुर 16 जून (हि.स.)। बलरामपुर नगर में सर्वांगीण विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा नगर क्षेत्र में लगभग 33 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं का मंगलवार को लोकार्पण व शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम,भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र तथा नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर कुल 140 विकास कार्यों को नगरवासियों को समर्पित किया। अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैंस ने बताया कि नगर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग योजना,पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना,स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम),उपवन योजना तथा जल निकासी योजना के अंतर्गत अनेक परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं,जबकि कई नई योजनाओं का शुभारंभ भी किया गया है।

उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान 4 करोड़ 38 लाख 43 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि 29 करोड़ 34 लाख 13 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस प्रकार कुल 33 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपये की विकास योजनाएं जनता को समर्पित की गईं।

लोकार्पित एवं शिलान्यासित प्रमुख परियोजनाओं में विश्रामालय निर्माण,हवनकुंड एवं खाली प्रांगण में सीसी निर्माण कार्य,विभिन्न घाटों का सुंदरीकरण,सार्वजनिक स्थलों पर बेंच एवं पेयजल कियोस्क की स्थापना तथा शिव मंदिर रानी तालाब परिसर में उपवन निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से न केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा,बल्कि नगर की सुंदरता और स्वच्छता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद का लक्ष्य नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए बलरामपुर को एक आदर्श एवं विकसित नगर के रूप में स्थापित करना है।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ.अजय सिंह ‘पिंकू’,अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य,जेई सिविल अविनाश यादव,संजय शुक्ल,रामकृपाल शुक्ल,गौरव मिश्रा,शिवम मिश्रा व सभासद संजय मिश्रा मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर