पुराणों में सभी रोगों का उपचार, टेक्नोलॉजी से उजागर करने की जरूरतः मुख्यमंत्री
- Admin Admin
- Feb 08, 2025
![](/Content/PostImages/f804d1f7480f615d1b907f1dbfc9143f_2060082119.jpeg)
-अहमदाबाद में ट्रांसप्लांटेशन अपडेट कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन
-अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सर्जिकल रोबोट का लोकार्पण
अहमदाबाद, 8 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को अहमदाबाद में असारवा स्थित सिविल अस्पताल में ट्रांसप्लांटेशन अपडेट 2025 कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ और प्रत्यारोगण संबंधी आधुनिक रोबोट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल भी उपस्थित थे।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि आज हमें टेक्नोलॉजी की दृष्टि से जो नया लगता है, ऐसी अनेक विरासतें हमारे पास पुराणों में मौजूद हैं। इसके लिए उन्होंने गणेशजी का उदाहरण देते हुए कहा कि पुराणों में दर्शाई गई यह घटना भी ट्रांसप्लांटेशन का ही उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पुराणों में सभी रोगों के उपाय दर्शाए गए हैं, आज उन्हें नई टेक्नोलॉजी की सहायता से उजागर करने का समय है। किडनी ट्रांसप्लांटेशन क्षेत्र में डॉ. एच. एल. त्रिवेदी के योगदान की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कम आयु में व्यक्ति को अंगदान से नवजीवन मिले, तो उसके आनंद का वर्णन वह व्यक्ति या उसका परिवार ही कर सकता है। उन्होंने टेक्नोलॉजी के बढ़ते दायरे एवं प्रभुत्व के बीच उसके उपयोग से अंग प्रत्यारोपण के लिए नए केन्द्र शुरू करने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि आज हम दुनिया में टेक्नोलॉजी एक्सपोर्ट करने लगे हैं और दुनिया के विकसित राष्ट्रों की पंक्ति में बैठने में सक्षम बने हैं। आज जब एआई-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वास्तविकता बनी है, तब राज्य सरकार ने टेक्नोलॉजी क्षेत्र में सभी सुविधाओं के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। विशेषकर वर्ष 2021 के बाद राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र तथा उसमें भी अंग प्रत्यारोपण संबंधी मैराथन अभियान शुरू हुआ है। परिणामस्वरूप अनेक लोग व परिवार अंगदान के लिए आगे आए हैं। ऐसे में असारवा स्थित सिविल अस्पताल में अनेक परियोजनाओं की शुरुआत यह दर्शाती है कि आगामी समय गुजरात का है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रिमोट कंट्रोल के माध्यम से प्रत्यारोपण संबंधी अत्याधुनिक रोबोट का लोकार्पण तथा सोवेनियर का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. राकेश जोशी को ऋषि दधीचि सम्मान तथा डॉ. डिटर ब्रोरिंग को महर्षि सुश्रुत ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर अहमदाबाद की महापौर प्रतिभाबेन जैन, विधायक दर्शनाबेन वाघेला, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव धनंजय द्विवेदी, भारत सरकार के स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. अतुल गोयल, नेशनल ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन के निदेशक डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रांजल मोहित तथा इस तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस में भाग लेने आए देश-विदेश के लगभग 250 से अधिक विशेषज्ञ एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय