नई टिहरी, 19 जून (हि.स.)। टिहरी बांध प्रभावितों को निशुल्क बिजली-पानी उपलब्ध कराने और टिहरी बांध से प्राप्त होने वाली 12 प्रतिशत रायल्टी को जिले के विकास कार्यों पर खर्च करने की मांग को लेकर आंदोलनकारी सागर भंडारी सहित चार युवाओं का खैट पर्वत पर आमरण अनशन आज दूसरे दिन भी जारी रहा। इधर, बौराड़ी स्थित गणेश चौक पर धरना 113वें दिन भी जारी है।
आज भी सागर भंडारी, गोपीनाथ सिंह रावत, देवांक चमोली और अजय पंवार जिले के सबसे ऊंचे खैट पर्वत पर आमरण अनशन पर डटे रहे। उनका कहना है कि टिहरी के हक और अधिकारों की इस लड़ाई को तीन माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। पिछले तीन माह से अधिक समय से मातृशक्ति सहित क्षेत्र के लोग बौराड़ी में क्रमिक धरना दे रहे हैं।
आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं सुना गया। इसी कारण उन्हें खैट पर्वत पर आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लेना पड़ा।

