इंडोनेशिया को ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल देगा भारत, जकार्ता में समझौते पर हुए हस्ताक्षर

जकार्ता (इंडोनेशिया), 07 जुलाई (हि.स.)। भारत ब्रह्मोस मिसाइलों की आपूर्ति इंडोनेशिया को करेगा। इंडोनेशिया की राजकीय यात्रा पर पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने मंगलवार को वार्ता की। इसके बाद दोनों की उपस्थिति में इस आशय के समझौते पर हस्ताक्षर कर उसका आदान-प्रदान किया गया। वार्ता में समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला को सुदृढ़ बनाने पर भी सहमति बनी।

भारत के प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के दो दिन के दौरे पर हैं। 2023 के बाद दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की यह उनकी पहली यात्रा है। राष्ट्रपति प्राबोवो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। न्यूज एजेंसी अंतारा और जकार्ता पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों नेताओं की बैठक के बाद इंडोनेशिया और भारत ने ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल प्रणाली के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। जकार्ता घोषणा के अनुसार भारत-रूस के संयुक्त उपक्रम मिसाइल निर्माता 'ब्रह्मोस एयरोस्पेस' और इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस बारे में और कोई विवरण साझा नहीं किया गया।

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन ने यह भी घोषणा की कि इंडोनेशिया की निजी रक्षा होल्डिंग कंपनी 'रिपब्लिकॉर्प' और भारत की रक्षा कंपनी 'भारत डायनामिक्स' ने हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिजों और स्टील के साथ-साथ कृषि में आपूर्ति चेन को मजबूत करने के लिए भी एमओयू पर हस्ताक्षर किए। करार के अनुसार, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंडोनेशिया की क्राकाटाऊ स्टील मिलकर इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब बनाने के लिए एक संयुक्त उपक्रम शुरू करेंगी।

भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ मौजूद प्राबोवो ने कहा, हम दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। हमारे बीच की साझेदारी से इस इलाके को फायदा होगा। प्राबोवो ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया व्यापार समझौते पर बातचीत में तेजी लाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश हिन्द महासागर में समुद्री सुरक्षा और संरक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी मिलकर काम करेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर रवाना होंगे।

इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो ने जकार्ता में भारतीय प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। मोदी स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 10:22 बजे मेर्डेका पैलेस (महल) पहुंचे। उनके काफिले में राष्ट्रपति सुरक्षा दल के 17 अधिकारी और 120 सदस्यों वाली घुड़सवार टुकड़ी शामिल रही। प्रबोवो ने महल के पश्चिमी पोर्च पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया। गले मिले और इंडोनेशिया और भारत के राष्ट्रगान के दौरान एक साथ खड़े रहे।

इसके बाद प्रबोवो ने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों से प्रधानमंत्री मोदी का परिचय कराया। इसके बाद प्रबोवो ने प्रधानमंत्री मोदी को आधिकारिक फोटो सेशन के लिए क्रेडेंशियल चैंबर में आमंत्रित किया। कुछ देरबाद दोनों ने निजी बैठक की। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडलों के साथ द्विपक्षीय बातचीत और राजकीय भोज का आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री मोदी का प्राचीन हिन्दू देवस्थल प्रम्बानन मंदिर जाने का भी कार्यक्रम है।

---------------

   

सम्बंधित खबर