भारत अंडर-18 हॉकी टीम की शानदार वापसी, ऑस्ट्रेलिया को 6-3 से हराकर सीरीज बराबर की

भोपाल, 18 मई (हि.स.)। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम को 6-3 से हराकर चार मैचों की सीरीज में दमदार वापसी की। भोपाल स्थित उदय दास मेहता (भाई जी) केंद्रीय साई केंद्र में खेले गए मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच पर शुरू से अंत तक पकड़ बनाए रखी।

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में बराबरी हासिल कर ली और अब अंतिम मुकाबला निर्णायक बन गया है। भारतीय टीम ने शुरुआती मिनटों से ही तेज खेल दिखाया और पहले हाफ में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर लगातार दबाव बनाया।

भारत के लिए आकाश दीप ने 10वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके तुरंत बाद शाहरुख अली ने 14वें मिनट में गोल दागकर बढ़त को मजबूत किया। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामकता और बढ़ा दी। कप्तान केतन कुशवाहा ने 25वें मिनट में गोल किया, जबकि अगले ही मिनट में रोमित पाल ने स्कोरबोर्ड पर एक और गोल जोड़ दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की और ओवेन टेलर, ऑस्कर फ्रीमैन तथा जैक वेलर ने गोल कर अंतर कम करने का प्रयास किया। हालांकि भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को पूरी तरह मैच में लौटने का मौका नहीं दिया।

तीसरे क्वार्टर में कप्तान केतन कुशवाहा ने अपना दूसरा गोल कर टीम की स्थिति और मजबूत की। इसके बाद अंश बहुत्रा ने भी गोल दागते हुए भारत की गोल संख्या छह तक पहुंचा दी। अंतिम क्वार्टर में भारतीय रक्षापंक्ति ने अनुशासित खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलिया को आगे बढ़ने का कोई अवसर नहीं दिया।

अब सीरीज का चौथा और अंतिम मुकाबला 20 मई को इसी मैदान पर खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

--------------------

   

सम्बंधित खबर