धर्मशाला, 12 मई (हि.स.)। एचपीसीए के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच होने वाले मुकाबले के लिए मेहमान टीम मंगलवार को मैक्लोडगंज धर्मकोट के हयात रिजेंसी होटल पहुंच गई। मुंबई के स्टार खिलाड़ी हिट-मेन रोहित शर्मा, भारतीय टीम के टी-20 कैप्टन सूर्या कुमार यादव व तिलक वर्मा सहित अन्य खिलाड़ी व कोच पहुंच गए हैं। जबकि मुंबई के कैप्टन हार्दिक पांडया धर्मशाला नहीं आए हैं। वहीं, धर्मशाला में दिल्ली जीतकर वापिस लौट गई। इससे पहले दिल्ली टीम के कई खिलाड़ी व स्टार क्रिकेटर केएल राहुल धर्मकोट-मकलोडग़ंज सहित अन्य स्थानों में घूमकर वापिस लौटे हैं।
अभ्यास के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी पंहुचे स्टेडियम
पंजाब के कैप्टन श्रेयस अय्यर, प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह शंशाक सिंह, हरप्रीत बराड़ सहित कई खिलाडिय़ों ने मंगलवार को अभ्यास किया। इसके साथ ही मुंबई इंडियन्स के खिलाड़ी भी धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंचे। दोनों टीमों का अभ्यास सत्र शाम को छह से नौ बजे तक किया गया। खिलाड़ियों ने मैदान में पहुंचकर अपना रूटीन वार्मअप व नैट प्रैक्टिस में भी पसीना बहाया है। धर्मशाला में होने वाले मुकाबले पंजाब के लिए अहम होंगे। वहीं, मुंबई के लिए भी अपने नाम को बनाए रखने का दबाव जरूर होगा। उधर, एचपीसीए के सह-सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि दिल्ली की टीम दोपहर बाद धर्मशाला से वापिस लौट गई है। उन्होंने बताया कि मुंबई की टीम धर्मशाला-धर्मकोट पहुंच गई है।
सचिन तेंदुलकर नहीं आए धर्मशाला
मुंबई इंडियन्स की टीम के मेंटोर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदूलकर अपनी टीम संग धर्मशाला नहीं पहुंचे हैं। मुंबई की टीम इस बार भी मैक्लोडगंज धर्मकोट में स्थित निजी होटल में ही ठहरी है। इस बार सचिन के भी धर्मशाला आने की संभावना बताई जा रही थी, लेकिन वह टीम के साथ नहीं आए हैं। इसके अलावा आरसीबी की टीम 15 मई को धर्मशाला में पहुंच जाएगी।
ये रहेगा अभ्यास का शैडयूल
13 मई बुधवार को पंजाब व मुंबई की टीम अभ्यास करेगी। इन दोनों टीमों का शाम छह बजे से नौ बजे तक अभ्यास सत्र निर्धारित है। 14 मई को दूसरा मुकाबला पंजाब और मुंबई के बीच खेला जाएगा, जो शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। इसके बाद 15 मई को फिर से पंजाब की टीम अभ्यास करेगी। 16 मई को अभ्यास सत्र थोड़ा अलग रहेगा, जिसमें बेंगलुरु की टीम भी शामिल होगी। इस दिन बेंगलुरु का अभ्यास दोपहर तीन बजकर 30 मिनट से छह बजकर 30 मिनट तक रहेगा, जबकि पंजाब का अभ्यास शाम चार बजे से होगा। 17 मई को तीसरा मुकाबला पंजाब और बेंगलुरु के बीच दोपहर तीन बजकर 30 मिनट पर खेला जाएगा।

