इंटर-एनआईटी फैकल्टी एवं स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट: मेजबान एनआईटी श्रीनगर ने 220 रन से दर्ज की शानदार जीत
- Neha Gupta
- Jul 05, 2026

जम्मू, 05 जुलाई । इंटर-एनआईटी फैकल्टी एवं स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट (पुरुष) 2026 में मेजबान एनआईटी श्रीनगर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को एनआईटी अगरतला को 220 रन के विशाल अंतर से पराजित कर लगातार एक और प्रभावशाली जीत दर्ज की। वहीं एनआईटी जालंधर, एनआईटी हमीरपुर, एनआईटी पुडुचेरी, एनआईटी सिलचर, एनआईटी कुरुक्षेत्र, एनआईटी राउरकेला और एनआईटी कालीकट ने भी अपने-अपने लीग मुकाबलों में जीत हासिल की।
एनआईटी श्रीनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 279 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज आकिब शेख ने टूर्नामेंट का लगातार दूसरा शतक जड़ते हुए 57 गेंदों में 154 रन की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 18 चौके और नौ छक्के शामिल रहे। कप्तान फैसल इरशाद ने 46 गेंदों में 75 रन बनाए जबकि विकेटकीपर सोहैल बाबा ने 12 गेंदों में नाबाद 30 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनआईटी अगरतला की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और 17.3 ओवर में मात्र 59 रन पर सिमट गई। एनआईटी श्रीनगर की ओर से डॉ. मोहसिन ने 8 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि डॉ. शकील वसीम और शाहिद हमीद ने दो-दो विकेट हासिल किए। डॉ. माजिद हुसैन और मुदासिर कादिर ने एक-एक विकेट लेकर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की। अन्य मुकाबलों में एनआईटी जालंधर ने एनआईटी गोवा को 195 रन से हराया। रविंदर ने 44 गेंदों में 85 और सौरभ दिनकर ने 33 गेंदों में 68 रन बनाए। इसके बाद सत्येंद्र सिंह और सौरव गुप्ता ने तीन-तीन विकेट लेकर गोवा को 74 रन पर समेट दिया। एनआईटी हमीरपुर ने एसवीएनआईटी सूरत को 171 रन से हराया। विवेक तिवारी (48), अमन कुमार (45) और सुरेंद्र सोनी (40) की पारियों की बदौलत हमीरपुर ने 225 रन बनाए जबकि सूरत की टीम 54 रन पर ढेर हो गई।
एनआईटी पुडुचेरी ने एनआईटी रायपुर को सात विकेट से पराजित किया। सुधाकर वी ने चार विकेट झटके, जबकि गोपीनाथ ए (41) और मुथु फ्रेंड (31) ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। एनआईटी सिलचर ने एनआईटी नागालैंड को 28 रन से हराया। वसीम आरिफ ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 रन बनाने के साथ दो विकेट भी लिए। एनआईटी कुरुक्षेत्र ने रोमांचक मुकाबले में एनआईटी उत्तराखंड को 15 रन से शिकस्त दी जबकि एनआईटी राउरकेला ने एनआईटी जमशेदपुर को 26 रन से हराया। वहीं एनआईटी कालीकट ने कश्मीर विश्वविद्यालय मैदान-2 में खेले गए मुकाबले में एमएनआईटी जयपुर को 39 रन से पराजित किया। पांच दिवसीय इस चैंपियनशिप में देशभर के 24 एनआईटी संस्थानों की टीमें भाग ले रही हैं।

