अंतर-विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, 600 से अधिक खिलाड़ियों ने क्रिकेट, फुटबॉल और खो-खो में दिखाया दमखम

Inter-School Sports Competitions Kick Off: Over 600 Athletes Showcase Their Prowess in Cricket, Football, and Kho-Kho


जम्मू, 09 मई । युवा सेवा एवं खेल विभाग के तत्वावधान में जोन अखनूर की अंतर-विद्यालयी जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं 2026-27 का शुभारंभ स्पोर्ट्स स्टेडियम पलवां, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोहल तथा इंडोर स्टेडियम अखनूर में हुआ। प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी जम्मू सुखदेव राज शर्मा के नेतृत्व तथा जोनल फिजिकल एजुकेशन ऑफिसर अखनूर अशोक कुमार की देखरेख में किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में जोन अखनूर के विभिन्न सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के 600 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंडर-14 और अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में क्रिकेट, फुटबॉल और खो-खो मुकाबले आयोजित किए गए।

खेल मैदानों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोहल की उप-प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों को “नशा मुक्त भारत” की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। जोनल फिजिकल एजुकेशन ऑफिसर अशोक कुमार ने खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ और मेजबान संस्थानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी अंतर-जोनल और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए मेहनत और लगन से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

   

सम्बंधित खबर