ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य फिर बंद किया

तेहरान, 20 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीदों के बीच ईरान ने एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने की घोषणा की है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, देश की संयुक्त सैन्य कमान से जुड़े अधिकारियों ने इस कदम को हालिया क्षेत्रीय घटनाक्रमों और सुरक्षा चिंताओं से जोड़ा है।

ईरान के सर्वोच्च संयुक्त सैन्य कमान एवं परिचालन नियंत्रण केंद्र खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय (केसीएचक्यू) ने कहा कि हाल में हुए शांति समझौते की कुछ प्रमुख शर्तों का पालन नहीं हुआ है। ईरानी पक्ष का आरोप है कि दक्षिणी लेबनान में सैन्य गतिविधियां और संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाएं जारी हैं, जिसके कारण क्षेत्रीय तनाव कम नहीं हो सका है।

ईरान ने कहा है कि यदि क्षेत्र में हिंसा जारी रहती है तो इससे शांति प्रयासों पर असर पड़ेगा। इसी संदर्भ में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर यह कदम उठाए जाने की जानकारी दी गई है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच हुए कूटनीतिक प्रयासों के बाद क्षेत्र में तनाव कम होने की उम्मीद जताई गई थी। हालांकि लेबनान और इजराइल के बीच संघर्षविराम की घोषणाओं के बावजूद सीमा क्षेत्रों में हिंसा और सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आती रही हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दक्षिणी लेबनान के कुछ इलाकों में हालिया हमलों में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है। वहीं इजराइल ने अपनी सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए सैन्य कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

-------------

   

सम्बंधित खबर