रांची, 17 जून (हि.स.)। रांची सिटीजन फोरम ने अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में नगर निगम के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से बुधवार को मुलाकात अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत फोरम ने अब तक 15 वार्ड पार्षदों से मिलकर उनके निर्वाचन पर बधाई दी तथा वार्डों की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान फोरम के दीपेश निराला ने विशेष रूप से बरसात के दौरान रांची शहर में बढ़ती जलजमाव की समस्या पर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने पार्षदों से पुराने जल निकासी मार्गों की पहचान कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने, नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
फोरम का कहना है कि जल निकासी मार्गों के अवरुद्ध होने और अतिक्रमण बढ़ने के कारण शहर में जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है। पार्षदों ने फोरम को बताया कि वे वार्डों में विकास कार्य कराना चाहते हैं, लेकिन पर्याप्त फंड नहीं मिलने के कारण कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। फोरम ने सभी पार्षदों को सकारात्मक सहयोग और संवाद का आश्वासन देते हुए कहा कि नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वार्डों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
ज्ञापन में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, जाम नाले, क्षतिग्रस्त सड़कें, पार्कों की बदहाल स्थिति, बच्चों के लिए खेल मैदानों की कमी, अनियमित साफ-सफाई, अपर्याप्त जलापूर्ति और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सचिव रेणुका तिवारी, संयुक्त सचिव मनीष बक्शी, संतोष मृदुला, सुजीत कुमार पांडेय, कुमार अभिषेक दुबे, राजेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------

