रामगढ़, 27 जून (हि.स.)। आपदा प्रबंधन और जन-राहत कार्यों को गति देते हुए शनिवार को हजारीबाग प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता और डीसी ऋतुराज ने संयुक्त रूप से आपदा प्रभावित परिवारों और आर्थिक क्षति के मुआवजे के तौर पर कुल 52,65,500 रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए आपदाओं के पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी गई
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान गंवाने वाले पांच व्यक्तियों के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान राशि दी गई।
आकाशीय बिजली गिरने के कारण काल के गाल में समाए 16 दुधारू और अन्य पशुओं के मालिकों को उनकी आजीविका की क्षतिपूर्ति केे लिए मुआवजा दिया गया। पानी में डूबने के कारण असमय मृत्यु के शिकार हुए पांच व्यक्तियों के परिजनों को सहायता राशि सौंपी गई। सड़क हादसों में जान गंवाने वाले तीन व्यक्तियों के पीड़ित परिवारों को आपदा कोष से राहत दी गई।
इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा की सरकार और प्रशासन आपदा की हर घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आपदा से जुड़े मामलों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि किसी भी पीड़ित को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े।
---------------

