सेवक में भूस्खलन का खतरा, पहाड़ से लटक रहे विशाल बोल्डर

सिलीगुड़ी, 27 जून (हि. स.)। सेवक इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग- 10 पर भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। सड़क किनारे पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर (बोल्डर) बेहद खतरनाक स्थिति में लटके हुए है, जो हल्की बारिश में भी कभी भी नीचे गिर सकते है। इस खतरे को कम करने के लिए दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। पाइप के जरिए तेज पानी की धार से दिनभर इन बोल्डरों को नीचे गिराने की कोशिश शनिवार को शुरू की गई।

इस दौरान पुलिस को कई बार ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिससे सेवक से सिलीगुड़ी तक आठ माइल इलाके में भारी जाम लग गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दार्जिलिंग जिला पुलिस ने दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की। साथ ही, सिक्किम और कालिम्पोंग से सिलीगुड़ी आने वाले कई वाहनों को डुआर्स की ओर डायवर्ट किया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी लगातार भूस्खलन के कारण करीब 17 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग- 10 पर पूरी तरह बंद रहा था। हालांकि सड़क साफ कर दी गई थी, लेकिन पहाड़ पर करीब 100 फीट ऊंचाई पर अब भी कई बड़े पत्थर लटके हुए है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग ने भी स्थिति का जायजा लिया, लेकिन इन पत्थरों को हटाना उनके लिए संभव नहीं बताया। इसके बाद सिलीगुड़ी से दमकल की गाड़ियां बुलाई गई, जिन्हें भारी जाम के कारण मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। इस दौरान सेवक के पास मौजूद कोरोनेशन ब्रिज के रास्ते भी कई गाड़ियों को डायवर्ट किया गया। हालांकि पानी का छिड़काव बंद होने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

   

सम्बंधित खबर