एटीएम मशीन में कार्ड फंसा कर साइबर फ्रॉड ने निकाले 50 हजार

रामगढ़, 23 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में पुलिस को साइबर क्रिमिनल एक बार फिर चुनौती दे रहे हैं। बेहद पुराने स्टाइल में एटीएम में कार्ड फंसा कर 50,000 रुपये का फ्रॉड कर लिया। इस मामले में रामगढ़ शहर के कोयरी टोला निवासी महेश प्रसाद कुशवाहा ने शनिवार रामगढ़ थाने में सूचना दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि वह वी-मार्ट के सामने गोला रोड स्थित एटीएम मशीन में पैसे निकालने गए थे। जिस समय वह पैसे निकाल रहे थे, उसी समय चार-पांच लड़के वहां मौजूद थे। उन लोगों ने उन्हें कहा कि उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया है। वे इंजीनियर से बात करें। काउंटर पर लगे हेल्पलाइन स्टीकर पर लिखे नंबर पर जब महेश प्रसाद कुशवाहा ने फोन किया तो उन्हें बस स्टैंड आने को कहा गया। जब वे वहां से दोबारा एटीएम मशीन काउंटर पर लौटे तो देखा कि ना तो उनका एटीएम कार्ड वहां था और ना ही वहां चिपकाए गया टोल फ्री नंबर का स्टीकर। इस दौरान उनके अकाउंट से 50,000 रुपये की निकासी होने का मैसेज भी उन्हें प्राप्त हुआ।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की सूचना मिली उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान यह पाया गया कि साइबर क्रिमिनल्स ने एटीएम मशीन में फेविक्विक लगाया था। जिसकी वजह से महेश प्रसाद कुशवाहा का एटीएम कार्ड उसमें चिपक गया। जैसे ही वे एटीएम काउंटर से बाहर निकले अपराधियों ने उनके अकाउंट से पैसे निकाल लिए। सीसीटीवी कैमरे में अपराधियों की तस्वीरें कैद हुई हैं। उनकी शिनाख्त कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर