समीक्षा बैठक के बाद सिविल सर्जन से संतुष्ट हुआ कर्मचारी संघ, आंदोलन स्थगित
- DSS Admin
- May 17, 2026
देवघर, 17 मई (हि.स.)। वेतन भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी देने वाले झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने सिविल सर्जन की कार्रवाई और प्रगति से संतुष्टि जताते हुए प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आंदोलन से संबंधित मांग पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने संघ के जिलाध्यक्ष के साथ वार्ता की और सभी बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
संघ के पदाधिकारियों ने सिविल सर्जन द्वारा की गई कार्रवाई और कार्य प्रगति की समीक्षा के बाद संतोष व्यक्त किया तथा उन पर विश्वास जताते हुए 18 मई 2026 को काला बिल्ला लगाकर कार्य करने और 19 मई 2026 को प्रस्तावित कलम बंद हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया।
संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसीडीह के कर्मचारियों का वेतन भुगतान पहले ही कर दिया गया है, जबकि अन्य स्थानों पर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल के कर्मचारियों का वेतन प्रपत्र सोमवार को कोषागार भेजने की तैयारी है, जिसकी जानकारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. सुषमा वर्मा द्वारा दी गई है।
बताया गया कि राज्यव्यापी ट्रेजरी संबंधित जांच के कारण वेतन भुगतान से पहले सभी कर्मचारियों की विस्तृत जानकारी, सेवा पुस्तिका की प्रति सहित दस्तावेजों की जांच अनिवार्य की गई है।
इसी कारण प्रक्रिया में समय लग रहा है। इधर, संघ ने सिविल सर्जन की पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया है। संघ के अनुसार, यदि संगठन की ओर से आंदोलन की घोषणा नहीं की जाती तो वेतन भुगतान में और अधिक विलंब की संभावना थी। अब आंदोलन स्थगित कर दिए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में वेतन भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------

