रांची नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध होर्डिंग हटाए, 15 दुकानों को नोटिस

रांची, 27 जून (हि.स.)। रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को हरमू बाईपास स्थित डीपीएस चौक से डिप्टी पुल होते हुए अरगोड़ा तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे अवैध विज्ञापन होर्डिंग हटाए गए और बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सड़क, फुटपाथ, नदी किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित करीब 15 दुकानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि पांच गुमटियां और ठेले जब्त किए गए। साथ ही फुटपाथ और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया।

अभियान के तहत अरगोड़ा नदी और डिप्टी पुल के समीप नदी किनारे बने आठ अवैध अस्थायी ढांचों को भी हटाया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि जलाशयों और नदी के कैचमेंट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है, ताकि प्राकृतिक जल प्रवाह बाधित न हो।

इस दौरान अरगोड़ा नदी के पास संचालित एक अवैध मीट दुकान को भी हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार दुकान से निकलने वाले मीट के अवशेष नदी किनारे फेंके जा रहे थे, जिससे बड़ी संख्या में पक्षियों का जमावड़ा लग रहा था। इससे निकटवर्ती हवाई क्षेत्र में विमान संचालन के दौरान बर्ड हिट की आशंका बढ़ रही थी। इसी कारण आसपास की अन्य अवैध दुकानों और अस्थायी शेड को भी हटाया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और बिना अनुमति संचालित गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की।----------

   

सम्बंधित खबर