संयुक्त कृषि निदेशक ने उर्वरक विक्रेताओं के साथ की बैठक, कालाबाजारी रोकने के दिया निर्देश

देवघर, 26 मई (हि.स.)। मंगलवार को संयुक्त कृषि निदेशक, संताल परगना प्रमंडल, दुमका सत्यप्रकाश ने जिले के थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, खपत, संतुलित उपयोग और उर्वरक विक्रेताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान संयुक्त कृषि निदेशक ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि बिना पीओएस मशीन के किसी भी स्थिति में उर्वरक की बिक्री नहीं की जाए। साथ ही उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवर प्राइसिंग और कृषि के अलावा अन्य औद्योगिक उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि खेती कार्य प्रभावित न हो। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ वीणा कुमारी टुडू ने देवघर जिले में उर्वरक क्षेत्र में चलाए जा रहे पायलट प्रोजेक्ट की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि उर्वरक विक्रय आवेदन प्रणाली के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत किसानों को उनकी भूमि और फसल की आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरक आसानी और समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में मेसर्स जुपिटर ट्रेडिंग कंपनी, मेसर्स पीके भोपालपुरिया, मेसर्स गुप्ता ट्रेडर्स, मेसर्स सोनू ट्रेडर्स सहित अन्य प्रतिनिधियों सहित विभागीय कर्मी उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर