बड़का रेगरे गांव में चलाई जबरन जेसीबी, ग्रामीणों ने उपायुक्त और एसपी से की हस्तक्षेप की मांग

खूंटी, 05 जून (हि.स.)। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बड़का रेगरे गांव के ग्रामीणों ने कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जा, जबरन जेसीबी चलाने, मारपीट और धमकी देने के आरोपों को लेकर उपायुक्त खूंटी और एसपी को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि बड़का रेगरे मौजा के खाता संख्या 93 सहित अन्य भूखंडों पर वे पीढ़ियों से खेती-बारी करते आ रहे हैं और उक्त भूमि पर उनका वास्तविक कब्जा है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शुक्रवार को सूरज कुमार, नीरज कुमार, विनीता मेहता और बसंत प्रसाद अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। उनके साथ बहान गोप उर्फ नंदकेश्वर गोप (बड़का रेगरे), अरुण गोप (कटसेमला, तोरपा), प्रदीप गोप (चिद्दी, कर्रा), गौतम गोप (बकसपुर), लखन गोप (कीनू टोली, बकसपुर) और कर्मा उरांव (महुगांव) सहित 150 महिला-पुरुष मौजूद थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि इन लोगों ने विवादित भूमि पर जेसीबी मशीन चलाई और विरोध करने पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि भूमि से संबंधित पूर्व के कई मामले न्यायालयों और राजस्व अधिकारियों की ओर से खारिज किए जा चुके हैं।

ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई, भूमि की सुरक्षा और राजस्व अभिलेखों में ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर