

बोकारो, 19 जून (हि.स.)। चास के चेकपोस्ट स्थित चर्चित स्वीट इंडिया मिठाई दुकान के ऊपर संचालित शिवा लॉज में शुक्रवार को कमरा संख्या-15 से धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय जमीन कारोबारी लक्ष्मण साव का शव गमछे के सहारे पंखे से लटका हुआ बरामद किया गया। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चास थाना पुलिस और एएसपी वेदांत शंकर मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार वारदात दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक पहले अपने नाम से लॉज में ठहरे थे, लेकिन बाद में चास निवासी अजय कुमार के नाम से कमरा बुक कर वहीं रह रहे थे। होटल के नीचे से मृतक की बाइक भी बरामद की गई है। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि लक्ष्मण साव के साथ किसी साजिश या आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया है। मृतक का जमीन कारोबार बोकारो, धनबाद और रांची सहित कई शहरों में फैला हुआ था। एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
वहीं, दो दिनों तक शव कमरे में लटका रहने की बात सामने आने के बाद शिवा लॉज की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने कमरा संख्या-15 को सील कर दिया है और होटल प्रबंधन की भूमिका सहित लॉज के अभिलेखों की भी जांच की जा रही है। पूरे लॉज को सील करने पर भी विचार किया जा रहा है।

