पुंदाग स्थित श्रीराधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण
- DSS Admin
- May 17, 2026
रांची, 17 मई (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को 266वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी। पूरे परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक अलंकरण से भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए कतारबद्ध नजर आए तथा पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था की अद्भुत छटा दिखाई दी।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कर महाप्रसाद का भोग लगाया। इसके बाद भक्तों के बीच अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत महाप्रसाद वितरण किया गया।
महाप्रसाद कार्यक्रम में प्रकाश अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल के सौजन्य से श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, जलजीरा शर्बत और सत्तू पानी का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच शीतल पेय और प्रसाद की व्यवस्था से श्रद्धालुओं ने विशेष संतोष व्यक्त किया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि अन्नपूर्णा सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और आध्यात्मिक एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से नियमित रूप से इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
भजन संध्या कार्यक्रम ने आयोजन को और अधिक भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने श्री राधा-कृष्ण के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंदिर परिसर “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भजनों पर झूमते नजर आए। इसके बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, निर्मल छावनिका समेत कई गणमान्य श्रद्धालु और ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में ट्रस्ट के सदस्यों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही।
-------------

