रांची में अन्नपूर्णा सेवा अभियान के तहत निराश्रितों को कराया गया भोजन
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
रांची, 18 जून (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से संचालित अन्नपूर्णा सेवा अभियान के तहत गुरुवार को सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे मंदबुद्धि, दिव्यांग एवं निराश्रित लोगों के बीच पौष्टिक भोजन का वितरण किया गया।
पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम परिसर में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के दौरान आश्रम में रह रहे 48 निराश्रित व्यक्तियों तथा उनकी देखभाल में लगे सेवादारों को विभिन्न व्यंजनों से युक्त भोजन कराया गया। यह आयोजन परमहंस संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि अन्नपूर्णा सेवा अभियान के तहत नियमित रूप से भोजन वितरण किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 1 जून 2026 से 18 जून 2026 तक के 18 दिनों में कुल 3,990 निराश्रितों एवं सेवादारों को भोजन उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में अब तक 1 लाख 40 हजार से अधिक जरूरतमंदों को भोजन कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और असहाय लोगों की सेवा ही सच्ची ईश्वर आराधना है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, सज्जन पाड़िया, संजय सर्राफ सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
-----------

