प्रशासन और जनता के बीच की दूरी खत्म कर देगा मीता ऐप: डीसी

रामगढ़, 12 मई (हि.स.)।

रामगढ़ डीसी ऋतुराज की नई पहल प्रशासनिक अधिकारियों और जनता के बीच की दूरी को खत्म कर देगा। डीसी के निर्देश पर जिले में बनाए गए मीता ऐप से लोगों की समस्या का समाधान हो रहा है। इस ऐप को लेकर जिला प्रशासन आंतरिक तौर पर काफी सक्रिय है। हालांकि इस ऐप को एक महीने की मॉनिटरिंग के बाद आम जनता के लिए खोला जाएगा। डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को इस ऐप से हो रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ऐप के माध्यम से भेजी गई 277 चिट्ठियां और अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत 42 जांच प्रतिवेदन को बारीकी से देखा।

रामगढ़ डीसी से मिलने आने वाले लोगों के द्वारा जो आवेदन दिया जाता है, उस आवेदन को ऑनलाइन ही मीता ऐप पर अपलोड किया जाता है। साथ ही वह आवेदन संबंधित अधिकारियों तक ऑनलाइन ही पहुंच जाता है। सबसे बड़ी बात यह है कि अलग-अलग कार्यों के लिए समय भी मीता ऐप पर निर्धारित किया गया है। अगर डीसी के द्वारा समय को लेकर कोई और निर्देश दिया जाता है तो वह भी मीता ऐप पर ही अपडेट हो जाता है। डीसी ने कहा कि आवश्यक मामलों का निष्पादन 7 दिनों के अंदर हो। कुछ मामले में जांच का दायरा बड़ा होता है, तो उसे 15 दिनों के भीतर पूरा करें।

जिले के तमाम अधिकारी फील्ड में जनता की समस्या का निराकरण कर इस मीता ऐप के माध्यम से रिपोर्ट भी सबमिट कर देते हैं। अधिकारियों को डाक से चिट्ठी भेजने और अन्य किसी माध्यम से रिपोर्ट पहुंचाने की आवश्यकता नहीं पड़ती है।

समीक्षा बैठक ऑनलाइन हो रही थी इसमें जिला नियोजन पदाधिकारी शामिल नहीं हुए देसी ऋतुराज ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही उन्होंने जिलास्तरीय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय में जन शिकायत कोषांग का गठन कर कार्यालय व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।

डीसी ने ने सभी पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र का नियमित भ्रमण व निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। क्षेत्र में घूम कर जनता की समस्या का समाधान करने को कहा। इसके लिए साप्ताहिक रूप से तिथि निर्धारित कर जन आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर