भाजपा ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का बनाया रोडमैप, प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर मंथन

भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक की तस्वीर

रांची, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसरोकार से जुड़े अभियानों और पार्टी की भविष्य की कार्ययोजना को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत तथा जनसंपर्क आधारित बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड प्रवास के दौरान मिले मार्गदर्शन और निर्देशों के अनुपालन को लेकर प्रदेश भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले संगठनात्मक सूत्रों और राजनीतिक दिशा-निर्देशों के बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है।

बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के उद्देश्य से मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित मासिक बैठकों की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को इसी श्रृंखला की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें पिछले एक महीने के दौरान संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में पार्टी की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों को भी और व्यापक बनाया जाएगा। इसी कड़ी में भाजपा किसान मोर्चा की ओर से राज्य के प्रत्येक जिले में जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।

बैठक में 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न जिलों में स्मरण सभाएं, संगोष्ठियां और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

इसके अतिरिक्त 25 जून को देश में लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) की वर्षगांठ पर लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी इस अवसर पर आपातकाल के दौर को लोकतंत्र पर हुए एक बड़े प्रहार के रूप में याद करते हुए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के हालिया झारखंड दौरे, हाल में संपन्न प्रशिक्षण वर्ग और केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर चल रहे अभियानों की समीक्षा भी की गई। साथ ही आगामी एक माह के लिए विस्तृत संगठनात्मक कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि उन्हें बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है। संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बैठक में आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सुनिता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज गुप्ता चौरसिया, शशांक राज, आरती सिंह, पवन साहू, किशुन दास और अनवर हयात मौजूद थे।--------------

   

सम्बंधित खबर