टाहलीवाल चोरी के आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

ऊना, 04 जुलाई (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में पिछले महीने दुकानों में हुई लाखों रुपए की चोरी मामले में पुलिस ने पंजाब से दो चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरविंद्र सिंह उर्फ काकू पुत्र गुरचरण सिंह निवासी भनाम (नंगल) पंजाब व परविंद्र सिह उर्फ अंकू निवासी सैहजोवाल पंजाब के रुप में हुई है। जबकि फरार चल रहे तीसरे आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस टीमें लगातार पंजाब सहित अन्य राज्यों में दबिश दे रही है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि चोरी की उक्त वारदात में एक संगठित अपराध गैंग का हाथ है। उक्त आरोपी भी इसी गैंग से जुड़े हुए है। यहीं नहीं इस गैंग के प्रत्येक मेंबर पर 10 से ज्यादा केस दर्ज हैं।

एसपी ऊना सचिन हिरेमथ ने शनिवार को पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि टाहलीवाल पुलिस थाना में 6 जून को चोरी से संबंधित एक मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद पुलिस टीम ने टाहलीवाल पुलिस थाना के एसएचओ रिंकू सिंह, ऊना सदर पुलिस थाना के प्रभारी गौरव भारद्वाज, स्पेशल सेल व एसआईटी टीम पर आधारित चार टीमों को गठन किया था। उक्त टीमें लगातार हरोली सहित पंजाब के अमृतसर, जालंधर, करतारपुर, कपूरथला सहित अन्य स्थानों में जांच पड़ताल कर रही थी। पुलिस ने करीब 500 कैमरों की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। वहीं पंजाब से दोनों आरोपियों हरविंद्र सिंह व परविंद्र सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने चोरों को दबोचने में सीसीटीवी कैमरों ने अहम भूमिका निभाई है। आने वाले समय में भी अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी कैमरें अपनी रोल अदा करेंगे। अब आरोपी अपराध कर आसानी से फरार नहीं हो पाएंगे।

----------------

---------------

   

सम्बंधित खबर