राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवानी की जीत तय, झारखंड के विकास को मिलेगा बल : बीरेंद्र प्रधान

रांची, 15 जून (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान ने दावा किया है कि झारखंड से होने वाले राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत लगभग तय है। उन्होंने कहा कि राजग पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और सभी सहयोगी दल नाथवानी के समर्थन में एकजुट हैं।

सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रधान ने बताया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर राजग नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें 18 जून को होने वाले मतदान के लिए रणनीति तैयार की गई। गठबंधन के सभी घटक दल आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

प्रधान ने कहा कि परिमल नाथवानी वर्ष 2008 और 2014 में भी झारखंड से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने नाथवानी के कार्यकाल को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड में उद्योग, खेल, सामाजिक विकास और जनहित से जुड़े कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुसार, नाथवानी के दोबारा राज्यसभा पहुंचने से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और झारखंड के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

लोजपा नेता ने कहा कि नाथवानी की जीत विकास की राजनीति को मजबूत करेगी और तुष्टिकरण की राजनीति को झटका देगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देती है तथा राजग इन्हीं मुद्दों पर काम कर रहा है।

बीरेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवानी के पक्ष में मतदान करेंगे। यह समर्थन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास और सुशासन के एजेंडे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधान ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इस दौरान देश ने विकास, बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज विश्व मंच पर भारत की स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और भाजपा के संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन हुआ था और तब से दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ती रही हैं।

प्रधान ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ता भाजपा तथा राजग की नीतियों से प्रभावित होकर गठबंधन के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में राजग की ताकत लगातार बढ़ रही है और आने वाले समय में यह समर्थन और मजबूत होगा।

----------

   

सम्बंधित खबर